किसान साधें, सब सधे – देवदत्त दुबे

किसान साधें, सब सधे – देवदत्त दुबे

प्रदेश में भाजपा का पूरा फोकस किसानों पर है, क्योंकि यदि किसान नाराज हो गया तो फिर किसी भी दल के लिए प्रदेश में सरकार बनाना मुश्किल हो जाता है, जैसा कि 2018 के विधानसभा के आम चुनाव के पहले मंदसौर गोलीकांड में प्रदेश का किसान नाराज हुआ और 2003 से लगातार सरकार बना रही, भाजपा सरकार से बाहर हो गई, कांग्रेस की सरकार बन गई। तब से भाजपा और सतर्क हो गई है और कोई मौका नहीं छोड़ता, जब वह किसानों के हित में कोई ना कोई निर्णय लेती आ रही है, रविवार को भी 2026 को न केवल कृषक कल्याण वर्ष मनाने की घोषणा हुई वरन किसानों के हित में घोषणाएं भी की गई।


दरअसल राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में किसानों का जमावड़ा और सत्ता और संगठन के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति किसानों के लिए सुपर संडे जैसा रहा, जहां मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किसानों के हित में अनेकों घोषणाएं की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तो यहां तक कह दिया कि कृषि के क्षेत्र में मध्य प्रदेश आने वाले दिनों में मॉडल राज्य के रूप में स्थापित होगा। प्रदेश में किसान कल्याण के लिए साल भर चलेंगे, गतिविधियां कृषक कल्याण वर्ष में किसानों का समग्र कल्याण किया जाएगा। विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ मोहन यादव ने कहा कि किसानों के लिए वर्ष 2026 नई उम्मीद और नए अवसरों का वर्ष होगा। किसान हमारे अन्नदाता है, जो अपने परिश्रम से देश और समाज का उदर पोषण करते हैं, किसानों को आत्मनिर्भर बना कर उनकी समृद्धि सुनिश्चित करना ही सरकार का एकमात्र उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 से अधिक विभाग समन्वय कर लेंगे, किसानों के लिए वैभव सरसों में भी लागू होगी, भावांतर योजना कृषि उद्योगों में किसानों की बढ़ाएंगे भागीदारी, डिंडोरी में बनेगा राज्य श्रीअन्न अनुसंधान केंद्र, 3 साल में 30 लाख किसानों के खेतों में सोलर पंप लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां बीते सालों के प्रयासों से खेती का रकबा ढाई लाख हेक्टेयर तक बढ़ गया है, उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पार्वती, काली, सिंध, चंबल नदी लिंक एवं केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना सहित ताप्ती ग्राउंड वाटर रिचार्ज मेगा परियोजना से 25 जिलों में 16 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि रकवा सिंचित हो जाएगा।


मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि किसानों के हित में, हमने जो कहा वह करके दिखाया। डॉ यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, लागत घटाने और खेती को स्थाई करने के लिए, हमारी सरकार ने 10 दिशात्मक मॉडल तैयार किए हैं। यह मॉडल हमारे लिए 10 संकल्प की तरह है, इस अवसर पर 2026 के तहत साल भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसका एक तरह से कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश; दलहन, तिलहन, चना, मक्का और टमाटर उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है, जबकि गेहूं उत्पादन में प्रदेश दूसरे स्थान पर है, यह उपलब्धि प्रदेश के किसानों की मेहनत और सरकार की किसान हितेषी नीतियों का प्रमाण है।

किसान सम्मेलन में मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, नारायण सिंह कुशवाहा, चैतन्य कश्यप, लखन सिंह पटेल, नारायण सिंह पवार विशेष रूप से उपस्थित थे।

कुल मिलाकर मिशन 2028 की तैयारी में जुटी भाजपा का एक बार फिर फोकस किसानों पर है, किसान सम्मेलन में वर्ष 2026 ‘कृषक कल्याण वर्ष’ प्रदेश में घोषित हो गया है एवं अनेको घोषणाएं किसानों के हित में की गई है, जाहिर है लगातार प्रदेश और देश में सरकार बना रही भाजपा अच्छी तरह से समझ गई है कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि सरकार निर्माता भी है सो वह “किसान साधें सब सधे” की राह पर तेजी से कदम बढ़ा रही हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published.